बजट में जी राम जी योजना को मिले 95,692 करोड़ रुपये, सरकार ने मनरेगा को कितने रुपये दिए

1 hour ago

Last Updated:February 01, 2026, 16:47 IST

Budget 2026 : वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में हाल में घोषित जी राम जी योजना के लिए मोटा आवंटन किया है. इस बार बजट में मनरेगा को 30 हजार करोड़ और जी राम जी योजना को 95,692.31 करोड़ रुपये दिए गए हैं.

बजट में जी राम जी योजना को मिले 95,692 करोड़, मनरेगा को क्‍या मिलावित्‍तमंत्री ने मनरेगा को 30 हजार करोड़ का आवंटन किया है.

नई दिल्‍ली. वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को वित्‍तवर्ष 2026-27 का बजट जारी किया है. इस बार के बजट में कई ऐलान किए गए, जिसमें से प्रमुख रहा जी राम जी योजना के लिए किया गया आवंटन. केंद्र सरकार ने नई योजना ‘वीबी-जी राम जी’ को लागू करने की तैयारी के साथ ही इसके लिए 95,692.31 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जबकि मनरेगा के लिए 30,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत साल में 125 दिनों के काम का वादा किया गया है. यह योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), 2005 के तहत बनी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल की दो दशक पुरानी ग्रामीण रोजगार योजना का स्थान लेगी. ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा योजना तब तक जारी रहेगी, जब तक ‘वीबी-जी राम जी’ पूरी तरह अमल में नहीं आ जाती और इसके तहत लंबित कार्य पूरे नहीं हो जाते.

ग्रामीण विकास को कितने रुपये मिले
बजट दस्तावेजों के अनुसार, मंत्रालय के ग्रामीण विकास विभाग के लिए कुल 1,94,368.81 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. यह पिछले वित्तवर्ष के 1,86,995.61 करोड़ रुपये के संशोधित अनुमान से थोड़ा अधिक है. वर्ष 2026-27 के लिए भूमि संसाधन विभाग को 2,654.33 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. वर्ष 2025-26 में इस विभाग के लिए 2,651 करोड़ रुपये का आवंटन था, जबकि संशोधित अनुमान के अनुसार वास्तविक खर्च 1,757.4 करोड़ रुपये रहा.

पिछले साल मनरेगा पर कितना खर्च
वित्‍तवर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमानों के मुताबिक, मनरेगा कार्यक्रम पर कुल खर्च 88,000 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुरुआत में इसके लिए 86,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के लिए वर्ष 2026-27 का आवंटन 19,000 करोड़ रुपये रखा गया है, जो 2025-26 के बराबर ही है. हालांकि, संशोधित अनुमान के अनुसार पिछले वित्तवर्ष में इस पर खर्च 11,000 करोड़ रुपये हुआ था.

अंत्‍योदय और पीएम आवास योजना को आवंटन
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लिए 2026-27 का आवंटन बढ़ाकर 19,200 करोड़ रुपये कर दिया गया है. पिछले साल यह राशि 19,005 करोड़ रुपये थी, जबकि संशोधित अनुमान के मुताबिक 16,000 करोड़ रुपये खर्च हुए. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के लिए इस साल 54,916.70 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. पिछले बजट में यह राशि 54,832.00 करोड़ रुपये थी और संशोधित अनुमान में खर्च 32,500.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

About the Author

Pramod Kumar Tiwari

प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्‍वेस्‍टमेंट टिप्‍स, टैक्‍स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि...और पढ़ें

Location :

New Delhi,Delhi

First Published :

February 01, 2026, 16:47 IST

homebusiness

बजट में जी राम जी योजना को मिले 95,692 करोड़, मनरेगा को क्‍या मिला

Read Full Article at Source