Japan: व्हेल की जान का दुश्मन क्यों बना जापान.. समंदर में कत्लेआम का बना लिया प्लान?

1 month ago

Japan fin whales: व्हेल मछलियों को दुनिया का सबसे बड़ा जीव कहा जाता है. समंदर के क्षेत्र में दिलचस्पी लेने वाले इन विशालकाय मछलियों को देखने के लिए हमेशा लालायित रहते हैं. लेकिन.. जापान इन व्हेल मछलियों को पसंद नहीं कर रहा. जापान ने व्हेल की फिन प्रजाति को हंटिंग लिस्ट में शामिल किया है. यानी जापान अब इन व्हेल मछलियों का शिकार करेगा.  

जापान के कदम की आलोचना

व्यावसायिक व्हेलिंग का विस्तार करते हुए जापान ने फिन व्हेल को हंटिंग लिस्ट में शामिल किया है. फिन व्हेल पृथ्वी पर दूसरी सबसे बड़ी जीवित प्रजाति है. जापान के इस फैसले की ऑस्ट्रेलिया सरकार ने आलोचना की है. बता दें कि दुनिया में व्हेल मछलियों का व्यावसायिक शिकार सिर्फ नॉर्वे, आइसलैंड और जापान ही करते हैं. इन तीन देशों में से जापान ने फिन व्हेल को अपनी शिकार लिस्ट में शामिल कर सभी को चौंका दिया है. जापान की शिकार लिस्ट में मिंक, ब्राइड और सेई व्हेल पहले से ही शामिल हैं.

जापान ने क्या दिया जवाब

इस मसले पर जब जापान से पूछा गया तो संबंधित अधिकारी ने कहा कि मूल रूप से, हमारा मानना है कि फिन व्हेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. मत्स्य विभाग के अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि इस साल उन्होंने 59 फिन व्हेल का शिकार करने की योजना तैयार की है.

फिन व्हेल की जान का दुश्मन बना जापान

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ ने फिन व्हेल को "संवेदनशील" माना है. जापान के इस फैसले पर महीनों से विचार किया जा रहा था. लेकिन बुधवार को ही जापान ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि वे फिन व्हेल का शिकार करेंगे. जापान सरकार के इस फैसले ने जानवरों के अधिकारों के लिए लड़ने वालों को चिंतित कर दिया है.

ऑस्ट्रेलिया ने किया विरोध

पर्यावरण मंत्री तान्या प्लिबरसेक ने एक बयान में कहा कि ऑस्ट्रेलिया "बहुत निराश" है. ऑस्ट्रेलिया सभी वाणिज्यिक व्हेलिंग का विरोध करता है और सभी देशों से इस अभ्यास को समाप्त करने का आग्रह करता है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब प्रमुख व्हेल रोधी कार्यकर्ता पॉल वॉटसन को लेकर अंतर्राष्ट्रीय विवाद चल रहा है. जिन्हें पिछले महीने ग्रीनलैंड में गिरफ्तार किया गया था.

विरोध पर हुई वॉटसन की गिरफ्तारी

वॉटसन को टोक्यो द्वारा जारी एक अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट के तहत हिरासत में लिया गया था. ग्रीनलैंड एक स्वायत्त डेनिश क्षेत्र है. डेनमार्क के न्याय मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि उसे जापान से वॉटसन के प्रत्यर्पण के लिए एक आधिकारिक अनुरोध प्राप्त हुआ है. कैप्टन पॉल वॉटसन फाउंडेशन के अनुसार जापान के नए व्हेलिंग कारखाना जहाज को रोकने के लिए जाते समय ग्रीनलैंड की राजधानी में उन्हें गिरफ्तार किया गया था.

सदियों से कर रहा व्हेल का शिकार

जापान सदियों से व्हेल का शिकार करता रहा है. जापान के लिए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के वर्षों में व्हेल मछलियों का मांस प्रोटीन का एक मुख्य स्रोत था. अंतर्राष्ट्रीय व्हेलिंग आयोग (आईडब्ल्यूसी) द्वारा वाणिज्यिक व्हेलिंग पर रोक लगाए जाने के बाद भी जापान ने "वैज्ञानिक" उद्देश्यों के लिए व्हेल का शिकार करना जारी रखा. इस दौरान उसने अंटार्कटिका और उत्तरी प्रशांत में सैकड़ों व्हेल का शिकार किया.

Read Full Article at Source