Live now
Last Updated:October 29, 2025, 07:45 IST
Today Live Updates: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंबाला से राफेल में उड़ान भरेंगी, यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय राष्ट्रपति राफेल में सवार होंगी. उधर पीएम मोदी आज मुंबई में मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव...और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से देश के अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी. यह पहली बार होगा जब भारतीय राष्ट्रपति राफेल में सवार होंगी. इससे पहले, 8 अप्रैल 2023 को राष्ट्रपति मुर्मू ने तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरकर इतिहास रचा था. रक्षा सूत्रों के मुताबिक, राफेल उड़ान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं और यह राष्ट्रपति के ‘आर्म्ड फोर्सेज डे’ से पहले मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है.
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई दौरे पर रहेंगे. शाम 4 बजे वे नेस्को एग्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित ‘इंडिया मैरीटाइम वीक 2025’ के तहत होने वाले मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री इस दौरान ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम की भी अध्यक्षता करेंगे. इस कार्यक्रम में देश और विदेश की प्रमुख समुद्री कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिसमें भारत को वैश्विक समुद्री व्यापार का हब बनाने की दिशा में निवेश और साझेदारी पर चर्चा होगी.
इधर, महाराष्ट्र के नागपुर में किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है. प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और विधायक बच्चू कड़ू के नेतृत्व में हजारों किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ अमरावती से नागपुर पहुंचे हैं. किसान कर्ज माफी और कृषि नीतियों में सुधार की मांग को लेकर नागपुर में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निवास की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे हैं. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है.
October 29, 2025 07:45 IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रचेंगी नया इतिहास, ‘राफेल’ फाइटर जेट में भरेंगी उड़ान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी. राष्ट्रपति आज हरियाणा में स्थित अंबाला वायुसेना स्टेशन का दौरा करेंगी, जहां वह वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में एक सॉर्टी (उड़ान) भरेंगी. यह अवसर भारतीय वायुसेना के लिए गौरव का क्षण होगा.
देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति भारत की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर भी हैं. राष्ट्रपति सचिवालय ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी. उस समय उन्होंने भारतीय वायुसेना के पायलटों के साथ अनुभव साझा करते हुए वायुसेना की दक्षता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की थी.
भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान में राष्ट्रपति की उड़ान का यह अनुभव भारतीय वायुसेना की आधुनिकता, क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के रक्षा प्रयासों का प्रतीक माना जा रहा है. अंबाला वायुसेना स्टेशन, राफेल स्क्वाड्रन की तैनाती का प्रमुख केंद्र है और इसे भारत की हवाई सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस दौरे के दौरान वायुसेना प्रमुख तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे. इस सॉर्टी के माध्यम से राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के पराक्रम, तकनीकी दक्षता और सैन्य शक्ति के योगदान को एक बार फिर सलाम करेंगी.
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 29, 2025, 07:42 IST

3 hours ago
