- डॉ. राज तिलक, पल्मोनोलॉजिस्ट एवं पीडियाट्रीशियन
जाड़े का मौसम अपने साथ सुहानी सुबह, गुनगुनी धूप और त्योहारों की ढेर सारी खुशियां लेकर आता है। लेकिन सेहत के नजरिए से यह मौसम किसी 'अलार्म' से कम नहीं है। तापमान में गिरावट, पॉल्यूशन, घर की सफाई से उड़ने वाली धूल और मौसमी फीवर। ये सब मिलकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं। दिवाली के आसपास पटाखों का धुआं और हार्मफुल केमिकल हवा को और भी जहरीला बना देते हैं। इस मौसम का मजा तभी लिया जा सकता है जब आपकी तैयारी पूरी हो। जानिए कि इस मौसम में खुद को और अपने परिवार को सेफ रखने के लिए आपको क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।
सांस और अस्थमा के मरीजों के लिए 'रेड अलर्ट'
अगर आपको या आपके परिवार में किसी को अस्थमा, बार-बार खांसी, सांस फूलने या एलर्जी की शिकायत है तो इस मौसम में एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है। कुछ चीजें आपकी बीमारी को अचानक 'ट्रिगर' कर सकती हैं:
- सुबह-शाम की ठंडी हवा और कोहरा।
- दीवाली की सफाई, पुराने सामान और बंद अलमारियों से उड़ने वाली धूल।
- पेंट, वार्निश और ड्राईक्लीन किए कपड़ों से आने वाली केमिकल की महक।
- लंबे समय से रखे कंबलों और रजाइयों में जमा डस्ट-माइट्स।
- पटाखों और गाड़ियों से निकलने वाला धुआं।
इन वजहों से सीने में जकड़न, खांसी और सांस लेने में दिक्कत बढ़ सकती है. जिन्हें एलर्जिक राइनाइटिस है उन्हें छींक और नाक बंद होने की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
ऐसे में यह करें आप
1. पटाखों के धुएं से दूर रहें और अस्थमा के मरीजों व बच्चों को वहां बिल्कुल न जाने दें।
2. अपना 'कंट्रोलर इन्हेलर' रेगुलरली लेते रहें. अच्छा महसूस होने पर भी इसे बिना डॉक्टर से पूछे बंद न करें।
3. पॉल्यूशन बढ़ने पर डॉक्टर की सलाह से ही इन्हेलर की डोज एडजस्ट करें खुद डॉक्टर न बनें।
4. घर से बाहर निकलते समय एक अच्छी क्वालिटी का N-95 मास्क जरूर पहनें।
बच्चों को सर्दी से बचाने के 'स्मार्ट रूल्स'
सर्दियों में बच्चों को खांसी, जुकाम, वायरल और निमोनिया होने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। उनकी देखभाल के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
लेयरिंग है जरूरी: बच्चों को एक बहुत मोटा स्वेटर पहनाने के बजाय पतले कपड़ों की 2-3 लेयर्स (परतें) पहनाएं. उनके सिर, कान, हाथ और पैर हमेशा ढके रहें। ध्यान दें कि उन्हें इतना भी न ढंक दें कि पसीना आ जाए क्योंकि पसीने की हवा लगने से भी वे बीमार पड़ सकते हैं। खान-पान (डाइट): बच्चों का पेट लंबे समय तक खाली न रहने दें। उनकी डाइट में मौसमी फल (अमरूद, कीनू, पपीता), हरी सब्जियां, दूध और अंडे शामिल करें। मूंगफली भी प्रोटीन का अच्छा सोर्स है लेकिन छोटे बच्चों को साबुत मूंगफली न दें (दम घुटने का खतरा रहता है) उन्हें मूंगफली का पेस्ट (Peanut Butter) दे सकते हैं।- विटामिन-D की डोज़: दोपहर की हल्की धूप में कुछ देर बैठना या खेलना सेहत के लिए बहुत अच्छा है. इससे शरीर को नेचुरल विटामिन-D मिलता है और मन भी खुश रहता है।
- स्किन केयर: सर्दियों में बच्चों की स्किन बहुत रूखी हो जाती है। उन्हें रोज नहलाना जरूरी नहीं है; गुनगुने पानी से स्पंज भी कर सकते हैं। नहाने के तुरंत बाद पूरी बॉडी पर अच्छा मॉइस्चराइजर लगाएं।
घर की सफाई और रूम टेम्परेचर
सफाई का तरीका: घर की डस्टिंग करते समय सूखे झाड़ू की जगह गीले कपड़े या वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें। पुराने कंबलों और रजाइयों को इस्तेमाल करने से पहले कड़ी धूप में जरूर सुखाएं।
हीटर का इस्तेमाल: कमरे को बहुत ज्यादा गर्म न करें। गैस या कोयले वाले हीटर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें क्योंकि इससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनती है जो जानलेवा हो सकती है। इलेक्ट्रिक हीटर के पास हमेशा एक कटोरी पानी भरकर रखें ताकि कमरे में नमी बनी रहे।
एयर प्यूरीफायर: अगर हो सके तो बेडरूम में HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर लगाएं।
वायरल इन्फेक्शन से ऐसे बचें
जाड़े में फ्लू और रेस्पिरेटरी वायरस तेजी से फैलते हैं. कोविड के समय वाली पुरानी आदतें आज भी काम आती हैं:
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें और खांसने-छींकने वालों से दूरी बनाएं।
- साबुन से हाथ धोने की आदत बनाए रखें।
- बच्चों और बुजुर्गों के लिए डॉक्टर की सलाह पर 'एनुअल फ्लू वैक्सीन' (Flu Vaccine) जरूर लगवाएं।
इन लक्षणों को इग्नोर न करें
आम सर्दी-जुकाम अपने आप ठीक हो जाता है लेकिन अगर बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो, पसलियां तेज चल रही हों, होंठ नीले पड़ जाएं या वह सुस्त हो जाए तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं. एडल्ट्स में अगर सांस फूले, सीने में दर्द हो या ऑक्सीजन लेवल गिरे तो इसे हल्के में न लें।
अगर आप अपने खान-पान, कपड़ों और साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं तो आप इस मौसम का पूरा मजा ले सकते हैं। अस्थमा के मरीजों के लिए सबसे बड़ा रूल यही है कि 'इन्हेलर का रेगुलर इस्तेमाल ही बचाव है,बीमारी बढ़ने पर ही इन्हेलर याद करना समझदारी नहीं.'

12 minutes ago
