जैसे ही साल के आखिरी दो महीने (नवंबर-दिसंबर) आते हैं हमारे दिमाग में एक 'पैनिक अलार्म' बजने लगता है।'अरे, इस साल तो कुछ अचीव ही नहीं किया!'। 31 दिसंबर से पहले अपनी सारी अधूरी विश-लिस्ट को पूरा करने का यह दबाव हमें मेंटल थका देता है। इसी ईयर-एंड स्ट्रेस को कम करने के लिए इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड वायरल हो रहा है जिसे 'November Surrender' नाम दिया गया है।
'सरेंडर' का मतलब हारना नहीं ठहरना है
इससे पहले टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर 'अगस्त थ्योरी' वायरल थी जिसमें लाइफ के बड़े फैसले लेने की बात थी। फिर आई 'अक्टूबर थ्योरी' जो उन फैसलों पर तुरंत एक्शन लेने का दबाव बना रही थी। लेकिन 'नवंबर सरेंडर' इन सबसे एकदम अलग और सुकून देने वाला है। यह ट्रेंड कहता है कि हर गोल को इसी साल 31 दिसंबर तक पूरा करने की जिद छोड़ दें। 'सरेंडर' का मतलब अपनी जिम्मेदारियों से हार मानना नहीं है बल्कि उस 'टॉक्सिक प्रोडक्टिविटी' से खुद को आजाद करना है, जो आपको चैन से सांस भी नहीं लेने देती।
करियर और परफेक्शन की रेस से लें ब्रेक
अगर इस साल आपका प्रमोशन नहीं हुआ आप नई जॉब नहीं तलाश पाए या कोई नया स्टार्टअप शुरू नहीं कर पाए तो खुद को कोसना बंद करें। जरूरी नहीं कि करियर का हर माइलस्टोन इसी साल हासिल किया जाए। कुछ बड़े और अहम फैसले अगले साल के लिए भी टाले जा सकते हैं।
खुद के प्रति थोड़ी नरमी बरतें
'नवंबर सरेंडर' का सीधा सा फंडा है खुद से प्यार करना और खुद को माफ करना। अचानक से फिटनेस फ्रीक बनने या नई आदतें पालने का दबाव न लें। कभी वीकेंड पर बिना कोई प्लान बनाए सिर्फ सोकर दिन बिताना, अपना फेवरेट खाना खाना या बिना कुछ किए रिलैक्स करना बिल्कुल नॉर्मल है। याद रखिए सिर्फ कैलेंडर बदल रहा है आपकी जिंदगी नहीं। इसलिए दौड़ना छोड़ें और इस बचे हुए साल को सुकून से एन्जॉय करें।

16 minutes ago
